कटघोरा के साई मंदिर प्रांगण में हलषष्ठी पूजा का भव्य आयोजन, सैकड़ों महिलाओं ने लिया भाग,,
कोरबा कटघोरा—– कोरबा जिले के कटघोरा मेला ग्राउंड स्थित साईं मंदिर प्रांगण में हलषष्ठी पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर भगवान बलराम के जन्मोत्सव, जिसे कमरछठ या हलषष्ठी के रूप में जाना जाता है, को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अनुष्ठान में नगर की सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और अपने परिवार, बच्चों, और समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
,,हलषष्ठी पूजा का महत्व और आयोजन,,
हलषष्ठी का यह पर्व भगवान बलराम के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्हें छत्तीसगढ़ में अन्नदाता और कृषक देवता के रूप में पूजा जाता है। इस दिन महिलाएं नीरजल (बिना पानी पिए) व्रत रखती हैं और भगवान बलराम की कृपा प्राप्त करने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करती हैं। इस वर्ष का आयोजन पंडित मुरली मनोहर दुबे के सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा को विधिवत रूप से संपन्न कराया।
,,पूजा की विधि और सामग्री,,
पूजा के दौरान महिलाओं ने तालाबनुमा गड्ढे बनाए, जिनमें विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्रियां अर्पित की गईं। इनमें विभिन्न प्रकार के अनाज, लाई, महुआ, भैंस का दूध, दही, और अन्य पारंपरिक सामग्रियां शामिल थीं। तमाम प्रकार के फल-फूलों से भगवान बलराम और हलषष्ठी माता की पूजा की गई। इसके पश्चात पसहर चावल की खीर बनाकर माता को भोग लगाया गया। यह खीर विशेष रूप से इस पर्व का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है। महिलाओं ने पूजा के दौरान अपने बच्चों और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।




